Karur News: तमिलनाडु के करूर जिले में अभिनेता से नेता बने विजय थलपति की चुनावी रैली में शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया। इस दौरान मची भगदड़ में 30 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में तीन बच्चे और एक महिला शामिल बताई जा रही है। वहीं, 10 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं और करीब 30 घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।
सूत्रों के अनुसार, विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कलागम (टीवीके) की रैली में सुबह से ही भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। विजय के देर से पहुंचने के कारण भीड़ बेकाबू हो गई और अचानक भगदड़ मच गई। बताया जा रहा है कि विजय के भाषण के दौरान एक महिला बेहोश हो गई, जिसके बाद कई लोग गर्मी और भीड़ के दबाव में गिर पड़े। अफरा-तफरी मचने से कई लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आया। घायलों को एम्बुलेंस से तुरंत करूर सरकारी अस्पताल भेजा गया। लेकिन उपचार से पहले ही 30 लोगों की मौत हो गई थी। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और अस्पतालों को इमरजेंसी मोड में रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री एम. सुब्रमण्यम और अंबिल महेश को मौके पर भेजा है। स्टालिन ने अधिकारियों से राहत और बचाव कार्य तेज करने के आदेश दिए और रविवार सुबह खुद घटनास्थल का दौरा करने वाले हैं।
पूर्व मंत्री सेंथिल बालाजी ने करूर अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की। वहीं, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) डेविडसन देवसिरवधाम को हालात पर नियंत्रण के लिए करूर भेजा गया है।गौरतलब है कि विजय 2026 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं और हर शनिवार दो जिलों में जनसभाएं कर रहे हैं। शनिवार को नमक्कल और करूर में आयोजित सभाओं में भारी भीड़ उमड़ी थी, लेकिन करूर की सभा मातम में बदल गई।

