Sahrsa News:– जिले के पतरघट अंचल कार्यालय में मंगलवार को निगरानी (विजिलेंस) विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व कर्मचारी राहुल कुमार को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार कर्मचारी धबौली पूर्वी, धबौली दक्षिणी, धबौली पश्चिमी और विशनपुर पंचायत का प्रभार संभाल रहा था।
पीड़ित धबौली निवासी रणबहादुर सिंह ने बताया कि जमीन के खाता संख्या में नाम सुधार कराने के लिए उन्होंने संबंधित कागजात (कैबाला) राजस्व कर्मचारी राहुल कुमार को सौंपे थे। इसके बावजूद नाम सुधार के एवज में कर्मचारी द्वारा अवैध रूप से 5 हजार रुपये की मांग की जा रही थी।
पीड़ित ने इस संबंध में पटना निगरानी विभाग को मौखिक और लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के आलोक में निगरानी टीम ने अंचल कार्यालय पहुंचकर मामले का सत्यापन किया। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद निगरानी विभाग के डीएसपी मिथलेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया।
मंगलवार को सादे लिबास में पहुंची निगरानी टीम ने जैसे ही राजस्व कर्मचारी राहुल कुमार ने पीड़ित से 5 हजार रुपये की रिश्वत ली, उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। निगरानी टीम को देखते ही आरोपी कर्मचारी मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने खदेड़कर उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम आरोपी राजस्व कर्मचारी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर मधेपुरा सर्किट हाउस ले गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से पतरघट अंचल कार्यालय में अफरा-तफरी और हड़कंप का माहौल बन गया।

