Koderma News: बाप और बेटी का रिश्ता काफी पवित्र माना जाता है। लेकिन कोडरमा में एक कलयुगी सौतेले पिता ने इस रिश्ते को कलंकित करने का काम किया है। शनिवार को बाल कल्याण समिति के समक्ष यह मामला आने के बाद इसका खुलासा हुआ है। धटना डोमचांच प्रखंड की बतायी गई है। जहां कुकर्मी सौतेले पिता के द्वारा अपनी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री का पिछले दो वर्षो से यौन शोषण किया जा रहा था।
मामले में पीड़िता नाबालिग की मां ने बताया कि वर्ष 2016 में एक सड़क हादसे में उनके पति की मृत्यु होने के बाद उनके द्वारा बेटी की बेहतर परवरिश और जीवन यापन के लिए एक व्यक्ति से दूसरी शादी रचाई गई थी। शादी के बाद दूसरे पति से उन्हें एक पुत्र और पुत्री भी हुआ। इसके बाद से उनके पति की गंदी नजर उनके पहले पति से हुई बेटी पर पड़ने लगी। पीड़िता की मां के अनुसार करीब डेढ़ वर्ष पहले बेटी ने इस घटना की शिकायत उनसे की थी। इसके बाद लोक लाज के भय से उसने अपनी 15 वर्षीय नाबालिग बेटी को नानी घर भेज दिया था।
जिसके बाद करीब डेढ़ वर्षो तक नानी घर में रहने के बाद कुछ दिन पहले बेटी का सौतेला पिता जबरन बेटी को नानी घर से वापस घर ले आया। इसके बाद पिछले कुछ दिनों से बेटी को घर में अकेला पाकर सौतेला पिता उसके साथ छेड़छाड़ और यौन शोषण की घटना को अंजाम देने लगा। इसकी शिकायत नाबालिग बेटी के द्वारा अपनी मां से करते हुए कहा गया कि अब वह आत्म्हत्या कर लेगी। इसके बाद महिला ने सौतेले पिता के इस कुकर्म की शिकायत बाल संरक्षण इकाई और पुलिस से की है।
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने बताया पीड़िता के द्वारा मां के साथ पहुंचकर पुलिस को इस घटना की जानकारी दी गई है। मामले की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस टीम का गठन किया गया है। वहीं पीड़िता काे मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है।

