Jamshedpur News:-; पूर्वी सिंहभूम जिले के बिरसानगर थाना क्षेत्र स्थित हुरलूंग के नए पुल के पास शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। हादसे में टाटा स्टील के वायर रॉड मिल विभाग के क्रेन ऑपरेटर प्रमोद कुमार सिंह (57) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सभी कर्मचारी एक ही कार (आर्टिगा) से पार्टी मनाकर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार में कुल छह लोग सवार थे — सभी टाटा स्टील के कर्मचारी बताए जा रहे हैं।
घायलों में उमा शंकर नोनिया (47), नंदू यादव (50), परीक्षित बेनुधर (28), जय बनर्जी (50) और बिनेश टूडू (33) शामिल हैं। सभी को टाटा मेन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
बताया जाता है कि सभी कर्मचारी अपने एक सहकर्मी के जुड़वा बच्चों के जन्म की खुशी में हाईवे किनारे पार्टी मनाने गए थे। मृतक प्रमोद कुमार सिंह और उनके साथी आर.के. सिंह का दो दिन पहले ही विभागीय प्रमोशन हुआ था।
वापसी के दौरान कार का शीशा खुला था और तेज रफ्तार के चलते ड्राइवर ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। पलटने के दौरान प्रमोद कुमार सिंह को सिर में गंभीर चोट लगी और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को निकालने में पुलिस की मदद की। आर.के. सिंह को शीशा तोड़कर और सीट बेल्ट काटकर बाहर निकाला गया।
कार टाटा स्टील के कर्मचारी अमित सिंह की बताई जा रही है, जो हादसे में सुरक्षित हैं।
मृतक प्रमोद कुमार सिंह बारीडीह के भूषण नगर के रहने वाले थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार और सहकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई। रविवार सुबह बड़ी संख्या में टाटा स्टील कर्मी अस्पताल पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।

