Hazaribag News:- जिले की चौपारण थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए सोलर पैनल बैटरी चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में दो अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 120 स्पार्क कंपनी की बैटरियां, एक पिकअप वैन, एक एलपीटी ट्रक, एक ऑल्टो कार और एक स्मार्टफोन बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, 28 अक्टूबर की शाम चौपारण प्रखंड के गरमोरवा स्थित सोलर प्लांट से बैटरी चोरी की सूचना पुलिस को मिली थी। बताया गया कि कुछ लोग एक पिकअप वैन में चोरी की गई बैटरियों को लेकर फरार हो रहे हैं।
सूचना मिलते ही चौपारण थाना पुलिस ने एसपी अंजनी अंजन के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और संदिग्ध वैन को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों आरोपितों ने चोरी की बात कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की बैटरियों से लदे ट्रक और ऑल्टो कार को भी जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बोकारो निवासी तौसीफ उमर (23) और रामगढ़ निवासी वाजिद हुसैन (34) के रूप में हुई है। दोनों ने मिलकर सोलर पैनल बैटरियों की चोरी की साजिश रची थी।
इस कार्रवाई में डीएसपी (बरही) अमित कुमार विमल, थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी, अन्वेषणकर्ता दिव्य प्रकाश सिंह और अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने अहम भूमिका निभाई।

