Patna News:- बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में आज 121 सीटों पर मतदान जारी है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें दिखाई दीं। चुनाव आयोग के अनुसार सुबह 11 बजे तक कुल 27.65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
इस दौरान राजनीतिक दलों के बड़े नेता भी अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचे और लोकतंत्र के इस पर्व में हिस्सा लिया। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने पटना के वेटनरी कॉलेज स्थित बूथ पर जाकर मतदान किया। मतदान के बाद तीनों ने लोगों से बड़ी संख्या में वोट डालने की अपील की।
जिलावार मतदान प्रतिशत की बात करें तो सबसे अधिक वोटिंग बेगूसराय और लखीसराय में 30.37% व 30.32% दर्ज की गई, जबकि पटना में मात्र 23.71% मतदान हुआ, जो अब तक सबसे कम है। मधेपुरा में 28.46%, सहरसा में 29.68%, गोपालगंज में 30.04%, वैशाली में 28.67% और बक्सर में 28.02% वोटिंग दर्ज की गई।
मतदान के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार को ऐसी सरकार चाहिए जो भ्रष्टाचारमुक्त हो, युवाओं पर लाठीचार्ज न करे, और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाए। उन्होंने दावा किया कि 14 नवंबर को बिहार में नई सरकार बनेगी।
वहीं राबड़ी देवी ने वोट डालने के बाद अपने बेटों तेजस्वी और तेजप्रताप को आशीर्वाद दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे कट्टा की बात करते हैं, लेकिन यह नहीं बताते कि गोली चलाने और अपहरण करने वाले भी उन्हीं की पार्टी से जुड़े लोग हैं।
पहले चरण के मतदान से स्पष्ट है कि जनता ने लोकतंत्र के प्रति अपनी भागीदारी दिखानी शुरू कर दी है, और शाम तक आंकड़ों में तेजी आने की उम्मीद है।

