Jamshedpur News:- पूर्वी सिंहभूम जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में बड़सोल थाना क्षेत्र अंतर्गत कदमडीहा गांव में सोमवार देर रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्कूटी से करीब दो किलो गांजा बरामद किया है। हालांकि कार्रवाई के दौरान तस्कर पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार बड़सोल थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति स्कूटी के माध्यम से गांजा की तस्करी कर रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी अभिषेक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी शुरू की। इस दौरान विधिवत कार्रवाई के लिए बहरागोड़ा अंचलाधिकारी राजाराम मुंडा मजिस्ट्रेट के रूप में मौके पर मौजूद थे।
जैसे ही पुलिस ने संदिग्ध स्कूटी सवार को रोकने का प्रयास किया, उसने खुद को घिरता देख स्कूटी संख्या डब्लूबी 49 बी 0269 को सड़क पर छोड़ दिया और अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही स्कूटी की तलाशी ली, जिसमें डिक्की से करीब दो किलो गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने गांजा को जब्त कर स्कूटी को अपने कब्जे में ले लिया है। अंधेरा होने के कारण आरोपी को तत्काल गिरफ्तार नहीं किया जा सका। पुलिस स्कूटी के कागजात, वाहन नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार तस्कर की पहचान में जुटी हुई है।
थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने बताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उसके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में एएसआई कुलदीप ठाकुर, सिकंदर यादव सहित बड़सोल थाना के कई पुलिसकर्मी शामिल थे।

