Palamu News:- जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के हुटार पंचायत के मायापुर स्थित चाड़ो गांव में गुरुवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। बारिश से बचने के लिए नीम के पेड़ तले खड़ी 6 वर्षीय मनीता कुमारी की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई। हादसे में दो बच्चे बाल-बाल बच गए।
स्थानीय लोगों के मुताबिक गुरुवार शाम अचानक मौसम बदल गया और तेज बारिश होने लगी। इसी दौरान गांव के चार बच्चे घर के पास खेल रहे थे। बारिश से बचने के लिए वे सभी नीम के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी। इसकी चपेट में मनीता कुमारी (पिता- वीरेंद्र भुइयां) और एक अन्य बच्ची आ गई।
ग्रामीणों ने आनन-फानन में दोनों को बरवाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मनीता को मृत घोषित कर दिया। घायल बच्ची का प्राथमिक इलाज कर आगे बेहतर इलाज की व्यवस्था की जा रही है। घटना स्थल मृतक बच्ची के घर से महज 100 फीट की दूरी पर बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना प्रभारी ओमप्रकाश शाह, हुटार के पंचायत समिति सदस्य पति सह समाजसेवी मनोज प्रसाद और मुखिया पति नागेंद्र राम मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से बच्ची का पोस्टमार्टम कराने का आग्रह किया, ताकि आपदा प्रबंधन के तहत मुआवजा मिल सके। लेकिन मनीता के परिजनों ने भावनात्मक कारणों से पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद थाना प्रभारी ने लिखित जानकारी लेकर दाह संस्कार की अनुमति दी। शुक्रवार सुबह परिजनों ने नम आंखों से मासूम का अंतिम संस्कार कर दिया।
गांव में इस हादसे से मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक बदलते मौसम और आकाशीय बिजली से ग्रामीणों में भय का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान पेड़ तले शरण न लेने और सुरक्षित स्थान पर ठहरने की अपील की है।

