Nawada News: जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के धंधे में शामिल छह अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। ये गिरफ्तारी पैंगरी पंचायत के गोड़ापर गांव स्थित बधार के बगीचा से की गई, जहां ये सभी फर्जीवाड़े की योजना बना रहे थे।पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक गांव में साइबर ठगी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने छापेमारी की, जिसमें छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि कुछ अपराधी मौके से भागने में सफल हो गए।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान स्थानीय निवासी रौशन कुमार, दिवाकर कुमार, रोशन कुमार, छोटू कुमार, युवराज कुमार (जहानाबाद) और संतोष कुमार (नालंदा) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से आठ एंड्रॉयड मोबाइल, चार कीपैड मोबाइल और दस फर्जी दस्तावेज जब्त किए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे लोगों को बजाज फाइनेंस कंपनी से लोन दिलाने के नाम पर धोखा देते थे। ये लोग भोलेभाले नागरिकों को आसान लोन प्रक्रिया का झांसा देकर उनकी निजी जानकारी लेते और फिर उनके नाम पर ठगी को अंजाम देते थे। गिरफ्तार अपराधियों ने कुछ अन्य साथियों के नाम भी उजागर किए हैं, जिनकी तलाश जारी है।
एसडीपीओ महेश कुमार चौधरी और थानाध्यक्ष रूपेश कुमार सिन्हा ने प्रेसवार्ता कर पूरी जानकारी साझा की। पुलिस ने इन अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस खबर को भी पढ़ें : राजद की कार्यकारिणी बैठक में तेजस्वी को CM बनाने की रणनीति,एनडीए को हराने की रणनीति पर राजद का फोकस, तेजस्वी ने दिया एकजुटता का संदेश
इस खबर को भी पढ़ें :

