Simdega bus accident: झारखंड के सिमडेगा से छत्तीसगढ़ के कुनकुरी जा रही एक यात्री बस के पलट जाने से बड़ा सड़क हादसा हो गया. इस दर्दनाक दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 से ज्यादा यात्री घायल हो गए. घायलों में से चार की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों में दहशत फैल गई.
कुरडेग से कुनकुरी जा रही थी बस
जानकारी के अनुसार, अनमोल बस (CG 14G 0263) शुक्रवार सुबह सिमडेगा जिले के कुरडेग से छत्तीसगढ़ के कुनकुरी के लिए रवाना हुई थी. बस में दो दर्जन से ज्यादा यात्री सवार थे. सुबह करीब 9:45 बजे जशपुर जिले के करडेगा चौकी क्षेत्र के गोड़ाअंबा गांव के पास ढलान के दौरान अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए. इसके बाद बस अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में सड़क किनारे जा टकराई.
यात्रियों में मची चीख-पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस में बैठे एक यात्री ने ड्राइवर से बस रोकने को कहा था, लेकिन उसी दौरान कंडक्टर ने जोर से चिल्लाते हुए कहा कि बस के ब्रेक फेल हो गए हैं. यह सुनते ही बस में बैठे यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई. कुछ ही पलों बाद बेकाबू बस सड़क किनारे बने सुरेंद्र साय के निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास से टकराकर पलट गई.
ग्रामीणों ने शुरू किया राहत-बचाव कार्य
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मदद के लिए मौके पर पहुंच गए. गोड़ाअंबा गांव के निवासी दिगंबर यादव ने सबसे पहले राहत कार्य शुरू किया. उन्होंने सरपंच पति शिवशंकर साय, उपसरपंच दशरथ प्रसाद यादव और प्रभाशंकर यादव के साथ मिलकर प्रशासन को सूचना दी और घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की. बाद में जेसीबी की मदद से पलटी बस को हटाकर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया.
Read More : झारखंड निकाय चुनाव: भाजपा समर्थित विजेताओं का 8 मार्च को रांची में सम्मान समारोह
पति-पत्नी और पिता-पुत्र की मौत
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने तीन एंबुलेंस मौके पर भेजीं और घायलों को कुनकुरी अस्पताल समेत अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया. करीब 11 बजे एसडीएम नंदजी पांडे और एसडीपीओ विनोद मंडावी पुलिस और प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे. कुनकुरी ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. के. कुजूर के अनुसार हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है. मृतकों में मकरीबंधा के महेश राम (45) और उनकी पत्नी बिमला (42), सिमडेगा की संपति देवी (52), ढोढ़ी के डिगेश्वर (40) और उनके पांच महीने के बेटे घनश्याम शामिल हैं.

