Chatra News:- इटखोरी थाना क्षेत्र की बक्शा नदी में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। नंगवा पुल के पास स्पिलवे पार करते समय इटखोरी निवासी सोनू कुमार (पिता– अशोक शर्मा) अचानक फिसलकर नदी के तेज बहाव में बह गए। देखते ही देखते वह गहरे पानी में समा गए और मौके पर अफरातफरी मच गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत शोर मचाकर लोगों को घटना की जानकारी दी। कुछ ग्रामीणों ने उनकी तलाश की कोशिश की, लेकिन तेज धार के कारण सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना मिलते ही इटखोरी पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
पुलिस ने तलाशी के दौरान युवक की चप्पल नदी किनारे से बरामद की, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद प्रशासन ने महराजगंज से गोताखोरों की टीम बुलाई है। पुलिस और गोताखोर संयुक्त रूप से नदी में तलाश अभियान चला रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब सोनू कुमार पुल के पास बने स्पिलवे से गुजर रहे थे। बरसात और लगातार पानी छोड़े जाने के कारण बक्शा नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है। पानी के तेज बहाव के कारण कई बार यहां दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
गांव के लोग बड़ी संख्या में नदी किनारे जुटे हुए हैं और लगातार सोनू कुमार के सकुशल मिलने की दुआ कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी के तेज बहाव और गहराई को देखते हुए कोई भी लापरवाही न करें और स्पिलवे पार करने से बचें।
फिलहाल युवक की तलाश जारी है। गोताखोरों की टीम नदी के विभिन्न हिस्सों में तलाशी अभियान चला रही है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में इस हादसे को लेकर माहौल गमगीन हो गया है।

