Gaya News:- बिहार में होमगार्ड भर्ती के दौरान एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां बोधगया थाना क्षेत्र के बीएमपी-3 परेड ग्राउंड में दौड़ के दौरान बेहोश हुई एक युवती के साथ एम्बुलेंस में दुष्कर्म की वारदात हुई। घटना 24 जुलाई की है। युवती को अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में एम्बुलेंस के अंदर चालक और तकनीशियन ने उसके साथ कथित तौर पर बलात्कार किया।
पीड़िता की शिकायत पर गया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान एम्बुलेंस चालक विनय कुमार (निवासी- उतरेन गांव, थाना-कोंच, जिला गया) और तकनीशियन अजीत कुमार (निवासी- चांदपुर गांव, थाना-तेलहारा, जिला नालंदा) के रूप में हुई है।
गया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के बाद तत्काल एफआईआर दर्ज कर ली गई है और विशेष जांच टीम (SIT) गठित कर दी गई है, जिसकी अगुवाई बोधगया एसडीपीओ सौरभ जायसवाल कर रहे हैं। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई और फोरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य एकत्र किए गए।
एसएसपी ने भरोसा दिलाया कि इस मामले में त्वरित अनुसंधान कर जल्द से जल्द आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा ताकि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके। इधर, घटना को लेकर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य और केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस घृणित वारदात को सरकार की लापरवाही का नतीजा बताया।

