Ramgarh News:- रामगढ़ पुलिस ने एक बड़े साइबर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार महिला गिरोह को संचालित कर रही थी। पुलिस ने उसके घर से कई एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। रामगढ़ में हाल ही में खोले गए साइबर थाने ने इस कार्रवाई में बड़ी भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि 18 जुलाई को साइबर थाना कांड संख्या 3/25 दर्ज की गई थी। इसमें 2 लाख 4 हजार 500 रुपये की ठगी की शिकायत आई थी। जांच के क्रम में पुलिस ने तोयर, खोहा गांव निवासी पूर्णिमा देवी, पत्नी टेकलाल महतो को गिरफ्तार किया।
महिला के घर की तलाशी में नौ बैंक खातों से संबंधित पासबुक, एटीएम कार्ड भेजने से जुड़ी एक स्पीड पोस्ट रसीद और एक सिम कार्ड का कवर बरामद किया गया। जांच में पाया गया कि इन खातों के जरिए कई राज्यों के लोगों से ठगी की गई है। एनसीआरपी (नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल) से सत्यापन में पुष्टि हुई कि पूर्णिमा देवी के नाम से संचालित खातों पर दर्जनों साइबर क्राइम की रिपोर्ट दर्ज है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि पूर्णिमा देवी ने आधा दर्जन से अधिक बैंकों में खाते खुलवा रखे थे। इनमें पंजाब नेशनल बैंक, केनरा बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र और बैंक ऑफ इंडिया शामिल हैं। बैंक ऑफ इंडिया के खाते पर ही 23 साइबर ठगी की शिकायत दर्ज पाई गई। अन्य खातों पर भी कई साइबर अपराध के केस दर्ज हैं।
महिला ने अपने सभी खातों का एटीएम और सिम कार्ड गिरोह के सरगना को सौंप दिया था। सरगना देशभर के लोगों से ठगी करता और उनके खाते में रकम मंगवाता था। रकम आते ही गिरोह एटीएम के जरिए पैसा निकाल लेता और महिला को कमीशन के तौर पर कुछ हिस्सा भेज देता था। पुलिस अब गिरोह के सरगना और अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।

