Chaibasa News:- झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। जिला पुलिस, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) की संयुक्त टीम ने चाईबासा के कराईकेला थाना क्षेत्र के एक घने जंगली इलाके में छापेमारी कर जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए करीब 35 लाख रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह अभियान एक विशेष खुफिया सूचना के आधार पर चलाया गया। सूचना थी कि माओवादी संगठन हथियार और विस्फोटक खरीदने के उद्देश्य से नकद राशि इकट्ठा कर रहा है। इसी जानकारी के आधार पर सुरक्षाबलों ने कराईकेला के जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एक गड्ढे से प्लास्टिक में पैक कर छिपाकर रखे गए लाखों रुपये बरामद हुए।
चाईबासा के पुलिस अधीक्षक ने पुष्टि करते हुए बताया कि यह बरामदगी माओवादी नेटवर्क को आर्थिक रूप से कमजोर करने की दिशा में एक बड़ी सफलता है। उन्होंने यह भी कहा कि अभी इस पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है। इस बात का पता लगाया जा रहा है कि यह रकम कहां से आई और किस उद्देश्य से जमा की गई थी।
रांची रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) मनोज कौशिक ने जानकारी दी कि अभियान में शामिल सुरक्षाबलों को पहले से इनपुट था कि नक्सली संगठन बड़े पैमाने पर धन जुटाने में लगे हैं। इस अभियान से उनके मंसूबों को गहरा झटका लगा है।
फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां इस बरामदगी के पीछे के नेटवर्क, संदिग्ध व्यक्तियों और उनके माओवादी कनेक्शन को चिन्हित करने में जुटी हैं। आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

