Giridih News:- गिरिडीह जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के पारसनाथ पर्वत के घने जंगलों में रविवार को नक्सलियों के खिलाफ बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया गया। गुप्त सूचना के आधार पर सीआरपीएफ 154 बटालियन और गिरिडीह जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने इस अभियान को अंजाम दिया। टीम का नेतृत्व सीआरपीएफ के 2आईसी अभिनव आनंद और एएसपी सुरजीत कुमार ने किया।
जानकारी के मुताबिक सुरक्षाबलों को सूचना मिली थी कि नक्सलियों ने पारसनाथ की तराई में अपने पुराने ठिकानों के आसपास विस्फोटक और अन्य आपराधिक सामग्री छिपा रखी है। इसके बाद सुरक्षा बलों ने घने जंगलों में सर्च अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान जिरवाबेड़ा जंगल क्षेत्र में बने एक बंकर से भारी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद हुई।
बरामद सामान में 17 बंडल सुरक्षा फ्यूज (प्रत्येक 10 मीटर, कुल 170 मीटर), 261 इग्निटर सेट स्लीव, 3 जंग लगे खाली केस, 3 रबर स्टैम्प, 2 पार्टी झंडे, कुछ महत्वपूर्ण फाइलें और नक्सली साहित्य शामिल हैं। इन सामग्रियों का इस्तेमाल विस्फोट करने और नक्सली गतिविधियों को फैलाने के लिए किया जा सकता था।
सभी सामग्रियों को कब्जे में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई नक्सलियों की बड़ी साजिश को नाकाम बनाने में अहम साबित हो सकती है। अभियान में कोबरा बटालियन के गौरव शर्मा, खुखरा थाना प्रभारी निरंजन कच्छप, सीआरपीएफ इंस्पेक्टर ओम प्रकाश वर्मा, हवलदार अनिल पासवान, सुरेश बेसरा सहित बड़ी संख्या में जवान शामिल थे।
सुरक्षा बलों ने साफ चेतावनी दी है कि चुनावी माहौल में किसी भी नक्सली गतिविधि को सफल नहीं होने दिया जाएगा और क्षेत्र में अभियान लगातार जारी रहेगा।

