Seraikela News:- झारखंड में माओवादियों द्वारा की गई एक बड़ी साजिश को सुरक्षाबलों ने नाकाम कर दिया है। सरायकेला-खरसावां और चाईबासा जिले की सीमा पर स्थित कुचाई थाना क्षेत्र के दलभंगा ओपी अंतर्गत पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान चलाकर भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के नक्सलियों ने इन पहाड़ी इलाकों में विस्फोटक छिपा रखे हैं, जिनका इस्तेमाल सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए किया जाना था। इसी इनपुट के आधार पर एक बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
इस संयुक्त तलाशी अभियान में सरायकेला-खरसावां पुलिस के अलावा चाईबासा पुलिस, झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ और एसएसबी के जवान शामिल थे। अभियान के दौरान दुर्गम और घने जंगलों में छिपाकर रखे गए कुल 44.5 किलोग्राम आईईडी बरामद किए गए।
बरामद विस्फोटक अलग-अलग क्षमता के थे, जिनमें 1.5 किलो, 1 किलो और 500 ग्राम वजनी केन बम शामिल थे। ये सभी विस्फोटक बेहद खतरनाक माने जा रहे थे और यदि इनका उपयोग होता तो भारी जान-माल की हानि हो सकती थी।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया, जिन्होंने सभी आईईडी को मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया। फिलहाल इलाके में तलाशी अभियान जारी है, ताकि किसी अन्य विस्फोटक या माओवादी ठिकाने का पता लगाया जा सके।
इस कार्रवाई को सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है, जिसने संभावित बड़े हमले को समय रहते टाल दिया।
इस खबर को भी पढ़ें : जेल से रिहा होते ही अनंत सिंह ने भरी हुंकार, कहा मोकामा से लड़ूंगा चुनाव! नीतीश को बताया ‘अजेय मुख्यमंत्री’
इस खबर को भी पढ़ें : जेल से रिहा होते ही अनंत सिंह ने भरी हुंकार, कहा मोकामा से लड़ूंगा चुनाव! नीतीश को बताया ‘अजेय मुख्यमंत्री’

