Chaibasa News:- चाईबासा-टाटा मुख्य मार्ग पर शनिवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक स्कूटी सवार की मौत हो गई। हादसा कुजू नदी पुल के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की रफ्तार बहुत तेज थी। टक्कर लगते ही स्कूटी कई मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी, लेकिन जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक व्यक्ति की मौत हो चुकी थी।
हादसे में स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी।
पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ हिट एंड रन का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगालने का काम जारी है ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है।

