Jamshedpur News:- परसुडीह थाना क्षेत्र के बारीगोड़ा रेलवे फाटक के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद एक अन्य बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क और रेलवे ट्रैक जाम कर दिया तथा बस में जमकर तोड़फोड़ की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक यात्री बस सड़क किनारे खड़ी थी। बताया जा रहा है कि बस चालक हैंडब्रेक लगाकर पास ही चाय पीने चला गया था। इसी दौरान रेलवे फाटक बंद होने की स्थिति में अचानक बस का हैंडब्रेक फेल हो गया और बस पीछे की ओर लुढ़कने लगी। पीछे खड़ी एक स्कूटी को बस ने अपनी चपेट में ले लिया। स्कूटी पर सवार किशोरी बस के नीचे दब गई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतका की पहचान अंजली कुमारी (16 वर्ष), निवासी बारीगोड़ा सुभाष टोला, परसुडीह के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, अंजली किसी जरूरी सामान की खरीदारी के लिए घर से निकली थी। हादसे के वक्त उसके साथ उसकी चचेरी बहन निधि कुमारी भी थी, जिसकी उम्र करीब 10 से 12 वर्ष बताई जा रही है। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्ची को तुरंत टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग गुस्से में सड़क पर उतर आए। आक्रोशित भीड़ ने सड़क के साथ-साथ रेलवे ट्रैक को भी जाम कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन ठप हो गया। इस दौरान हादसे में शामिल बस में भी तोड़फोड़ की गई, जिससे वाहन को भारी नुकसान पहुंचा।
सूचना पर परसुडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति नियंत्रित की। पुलिस ने जाम हटवाया और यातायात बहाल कराया। मृतका के परिजन धर्मेंद्र कुमार ठाकुर ने मांग की है कि बस मालिक मौके पर आकर पीड़ित परिवार से बातचीत करे और उचित मुआवजा व न्याय का भरोसा दे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। बस चालक की लापरवाही, हैंडब्रेक फेल होने के कारणों और सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

