Ranchi News : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने संथाल परगना में हुई भोगनाडीह की घटना को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य इलाके को मणिपुर की तरह अशांत करना है। बुधवार को रांची स्थित झामुमो के हरमू कैंप कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि भाजपा संथाल परगना में दंगा भड़काकर राज्य को अस्थिर करने की कोशिश कर रही है। सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि यह घटना अचानक नहीं हुई, बल्कि इसके पीछे भाजपा के बड़े नेताओं का हाथ है। उन्होंने गोड्डा के वर्तमान सांसद और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री पर भी आरोप लगाए।
उन्होंने इस मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उच्चस्तरीय जांच समिति गठित करने की मांग की है ताकि साजिश में शामिल असली चेहरे सामने आ सकें। उन्होंने सवाल उठाया कि कोई भी राजनीतिक कार्यकर्ता आखिर अवैध हथियार लेकर किसी राजकीय कार्यक्रम में क्यों जाएगा? यह अपने आप में बहुत गंभीर बात है।
भट्टाचार्य ने कहा कि जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, वे केवल मोहरे हैं। असली साजिशकर्ता अब भी पर्दे के पीछे हैं और उन्हें बेनकाब करना जरूरी है। उन्होंने साफ किया कि झामुमो किसी भी सूरत में झारखंड को मणिपुर जैसा नहीं बनने देगा।
उन्होंने कहा कि झारखंड की पहचान शांति, भाईचारे और सौहार्द्र से जुड़ी है और कोई भी ताकत इसे बिगाड़ नहीं सकती। झामुमो इसके लिए हर स्तर पर लड़ाई लड़ेगा।

