Uttrakhand News:- उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक टेंपो ट्रैवलर के अलकनंदा नदी में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए हैं। इस हादसे में 10 यात्री अब भी लापता हैं।
यह दुर्घटना घोलतीर क्षेत्र में हुई, जब एक टेंपो ट्रैवलर बद्रीनाथ की ओर जाते समय अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई और सीधा अलकनंदा नदी में समा गई। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन रजवार के अनुसार, दुर्घटनास्थल पर तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने मिलकर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे को अत्यंत दुःखद बताया है और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है और वे स्वयं प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं।
इस हादसे में मृतकों की पहचान विशाल सोनी (42), निवासी राजगढ़, मप्र और ड्रिमी (17), निवासी सूरत, गुजरात के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में दीपिका, हेमलता, ईश्वर, अमिता, भावना, भव्य, पार्थ और चालक सुमित शामिल हैं।
दस लोग अब भी लापता हैं, जिनमें राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के यात्री शामिल हैं। लापता यात्रियों की खोजबीन के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।
प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को सहायता का भरोसा दिलाया है और दुर्घटना की जांच भी शुरू कर दी गई है।

