Ranchi News:- रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सतर्कता ने एक बार फिर गांजा तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। गुरुवार को हटिया रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेन से 30 किलो गांजा बरामद किया और इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपितों की पहचान बिहार के बक्सर जिले निवासी अभिषेक सिंह (31) और गोविंद कुमार (33) के रूप में हुई है। आरपीएफ एसआई साधना कुमारी ने बताया कि कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर हटिया पोस्ट और फ्लाइंग टीम लगातार निगरानी में थी। इसी बीच ट्रेन संख्या 15027 मौर्या एक्सप्रेस जैसे ही प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर पहुंची, जांच टीम ने कोच संख्या बी/01 में संदिग्ध स्थिति में बैठे दो युवकों को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने अपने नाम बताए और यह भी स्वीकार किया कि उनके ट्रॉली बैग में गांजा रखा है।
तुरंत उन्हें ट्रेन से उतारकर प्लेटफॉर्म पर लाया गया और इसकी जानकारी आरपीएफ मूरी के असिस्टेंट सिक्योरिटी कमिश्नर को दी गई। मौके पर पहुंचे अधिकारी की मौजूदगी में दोनों बैगों की तलाशी ली गई, जिसमें अभिषेक सिंह के बैग से आठ पैकेट और गोविंद कुमार के बैग से छह पैकेट गांजा बरामद हुआ। डीडी किट से जांच में यह गांजा पॉजिटिव पाया गया। कुल 14 पैकेटों का वजन करने पर यह 30 किलो निकला, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग तीन लाख रुपये बताई गई है।
पूछताछ में दोनों आरोपितों ने खुलासा किया कि उन्होंने यह गांजा राउरकेला (ओडिशा) से खरीदा था और रांची बस स्टैंड पर राकेश नामक व्यक्ति के कहने पर किसी अन्य व्यक्ति को सौंपने जा रहे थे। आरपीएफ ने सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर गांजा और आरोपितों को जीआरपी हटिया के हवाले कर दिया है।
यह कार्रवाई रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का उदाहरण है, जिसने न केवल मादक पदार्थों की तस्करी को रोका बल्कि समाज को नशे के जाल से बचाने की दिशा में अहम कदम उठाया।

