Palamu News:- जिले के पाटन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष जयशंकर ठाकुर (52 वर्ष) का अधजला शव उताकी गांव स्थित एक खेत से बरामद किया गया। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।
मृतक जयशंकर ठाकुर उताकी गांव के ही निवासी थे। परिजनों ने बताया कि वे रोजाना की तरह सुबह करीब 5:30 बजे खेत की ओर निकले थे। लेकिन कई घंटे बीतने के बाद भी घर नहीं लौटे। जब बेटे उन्हें खोजने निकले तो घर से करीब आधा किलोमीटर दूर दूसरे के खेत में उनका शव अधजली हालत में पड़ा मिला।
शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि राजद नेता को एसिड डालकर जलाया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। आसपास के गांवों में भी यह खबर फैलते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया।
सूचना पर पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। डॉग स्क्वायड की मदद से सुराग तलाशने की कोशिश की गई, लेकिन डॉग आसपास ही घूमकर रुक गया और किसी संदिग्ध तक नहीं पहुंच सका।
वहीं, थाना प्रभारी शशि शेखर पांडेय ने प्रारंभिक जांच में इसे आकाशीय बिजली से हुई मौत करार दिया। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि सही कारण का पता केवल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
ग्रामीणों ने पुलिस की इस दलील पर सवाल उठाते हुए कहा कि सुबह से इलाके का मौसम बिल्कुल साफ था, न बारिश हुई और न ही आकाशीय बिजली गिरी। ऐसे में मौत को प्राकृतिक कारण बताना संदिग्ध प्रतीत होता है।
मृतक जयशंकर ठाकुर के तीन बेटे हैं, जिनमें बड़ा बेटा बाहर रहता है। परिवार और पार्टी कार्यकर्ताओं ने हत्या की आशंका जाहिर करते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

