पटना।
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर महागठबंधन में शामिल दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान जारी है। वही सीटों के बंटवारे को लेकर गठबंधन में शामिल दलों में नाराजगी भी जाहिर होने लगी है। सीट बंटवारे को लेकर रविवार को राजद और वाम दलों के बीच हुई बैठक बेनतीजा समाप्त होने के संकेत मिले हैं। बैठक के बाद राजद कार्यालय से बाहर निकले वाम दलों के नेताओं के तेवर इस बात के संकेत दे रहे थे कि मौके पर हुई बातचीत से वे संतुष्ट नहीं है। हालांकि पत्रकारों से बातचीत के दौरान वाम दलों के नेताओं ने सिर्फ इतना कहा कि वे महागठबंधन के साथ हैं। इधर बैठक के संबंध में राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह से पूछे जाने पर उन्होंने वामदलों के नाराजगी के प्रति कहा कि अभी इन सवालों का जवाब नहीं दिया जा सकता है। वामदलों को महागठबंधन में शामिल किए जाने की पार्टी स्तर से लगातार कोशिश हो रही है। उल्लेखनीय है कि वामदलों ने आगामी विधानसभा चुनाव में 53 सीटों की मांग रखी है। सीट शेयरिंग को लेकर पूर्व में भी राजद के साथ वामदलों की बैठक हुई थी। सूत्रों के अनुसार महागठबंधन में शामिल वाम दलों के अलावा अन्य दलों के द्वारा भी सीटों के बंटवारे को लेकर अपनी अपनी दावेदारी जताई जा रही है। जिस पर सहमति बनाने की कोशिश है जारी है।

