Jamshedpur News:- उलीडीह थाना क्षेत्र के चेकपोस्ट के पास शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। काली पूजा पंडाल के समीप एक वृद्ध रिक्शा चालक ने बांस के ढांचे में रस्सी के सहारे फंदे से लटककर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 11 बजे कुछ लोगों ने पंडाल के पास शव को लटकते देखा। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। उलीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को नीचे उतारकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया।
मृतक की पहचान एक स्थानीय रिक्शा चालक के रूप में हुई है, जो अक्सर चेकपोस्ट, बाराद्वारी और कालीमाटी रोड इलाके में रिक्शा चलाया करता था। स्थानीय लोगों ने बताया कि वह शांत और मिलनसार स्वभाव का था। रोज शाम को इलाके के लोगों से बातचीत करने के बाद अपने रिक्शे में ही सो जाता था।
लोगों का कहना है कि उसने कभी किसी से विवाद नहीं किया और न ही किसी परेशानी की शिकायत जताई थी। हालांकि, कुछ निवासियों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से वह काफी उदास और चुप-चुप रहता था। इसी कारण लोगों को शक है कि उसने मानसिक या आर्थिक तनाव में आकर यह कदम उठाया होगा।
फिलहाल पुलिस आत्महत्या के पीछे के कारणों की जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि हर पहलू से जांच की जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

