Patna News:- जहानाबाद। सदर प्रखंड के राजस्व कर्मचारी अविनाश कुमार को मंगलवार को पांच हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। निगरानी विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की, जिसके बाद सरकारी कार्यालयों में हड़कंप मच गया।
राजस्व कर्मचारी, अविनाश कुमार अपने कार्यालय में ही दाखिल खारिज के लिए सेवानिवृत वायु सेना अधिकारी पुष्कर कुमार से रिश्वत मांग रहा था। पुष्कर कुमार पिछले कई महीनों से अपनी जमीन का दाखिल खारिज कराने के लिए कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे।
फरियादी पुष्कर कुमार ने बताया कि उन्होंने ऑनलाइन आवेदन किया था, लेकिन आवेदन एक बार रिजेक्ट कर दिया गया। जब इस बारे में जानकारी लेने गए, तो अविनाश कुमार ने पाँच हजार रुपये रिश्वत की मांग की।
पुष्कर कुमार की शिकायत पर निगरानी विभाग ने मामला दर्ज किया और मंगलवार को पुराने प्रखंड कार्यालय से अविनाश कुमार को गिरफ्तार कर पटना ले जाया गया।
निगरानी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अविनाश कुमार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और इस मामले की जांच जारी है।

