नवादा।

रजौली थाना क्षेत्र के प्राणचक विनोवा नगरटोला में सेवानिवृत्त दारोगा की पत्नी और दो बेटों की गला घोटकर हत्या कर दी गई। तीनों का शव सोमवार कि सुबह पुलिस ने घर के एक कमरे में एक ही पलंग से बरामद किया। मृतकों में सेवानिवृत्त दरोगा की पत्नी लाछो देवी 45 वर्ष व उनके बेटे राजीव कुमार 13 वर्ष व राज कुमार 10 वर्ष शामिल है। हत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। पुलिस लूटपाट के दौरान हत्या या फिर संपत्ति विवाद को लेकर हत्या किए जाने के एंगल से मामले की जांच में जुटी है। मृतका के पति शिव नारायण चौधरी 2 माह पूर्व पटना ट्रैफिक दारोगा से सेवानिवृत्त हुए हैं। ये मुलत: जहानाबाद जिला के मखदुमपुर थाना क्षेत्र के आकोपुर गांव के रहने वाले हैं ।वे विनोवा नगर टोला में अपना पक्का मकान बनाए हुए हैं। हत्या के मामले में प्रभारी एसपी आनंद कुमार व एएसपी मुख्यालय महेंद्र कुमार बसंत्री ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक टीम बुलाई गई है। साथ ही श्वान दस्ता भी बुलाया गया है। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
पड़ोसी जगाने पहुॅची तो हुआ मामले का खुलासा
सेवानिवृत्त दारोगा के पत्नी और उसके दो बच्चों की हत्या के मामले का खुलासा सोमवार को पड़ोसी के द्वारा की गई। जानकारी अनुसार पड़ोस में रहने वाली आशा देवी सुबह में महिला को जगाने उसकी घर गई थी। इस दौरान उसने देखा कि घर का मुख्य दरवाजा और कमरा खुला हुआ है। साथ ही पलंग पर महिला व उसके दोनों बेटों का शव पड़ा हुआ है। इसके बाद उसने शोर मचाना शुरू किया। तीन लोगों की मौत की खबर सुनकर गांव वाले दंग रह गए और वहां लोगों की भीड़ लग गई। बाद में पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद रजौली थाना अध्यक्ष दरबारी चौधरी मौके पर पहुंचकर मामले की तहकीकात की। छानबीन के दौरान महिला के चेहरे पर खरोच के निशान मिले हैं। साथ ही घर के सामान भी बिखरा पड़ा था। वहीं महिला के उंगली से अंगूठी भी गायब थी। लिहाजा पुलिस द्वारा लूट के दौरान हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पड़ोसी ने कहा की कार्तिक स्नान को लेकर जगाने को कहा था
वहीं कुछ लोगों का यह भी कहना है कि मृतका सेवानिवृत्त दरोगा शिवनारायण की दूसरी पत्नी थी। वह अपना वेतन दोनों पत्नियों को दिया करते थे। सेवानिवृत्ति के बाद विभाग से एकमुश्त राशि मिली थी। लिहाजा हत्या के पीछे संपत्ति विवाद भी हो सकता है। इधर पड़ोसी आशा देवी ने बताया कि मृतका ने रविवार की शाम उसे कार्तिक स्नान को लेकर जगाने को कहा था। इसे लेकर ही वह उसे जगाने गई थी। महिला और उसके एक बेटे की नीले रंग की एक साड़ी के दोनों छोर से गले में फंदा लगाया हुआ पाया गया। वही एक दूसरे बेटे के गले में दूसरी साड़ी से फंदा था। मृतका के पति पटना में थे।