Ramgarh News;- जिले में जन वितरण प्रणाली (PDS) से जुड़ी एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। कदमा प्रखंड के पीडीएस डीलर संतोष पासवान पर लगभग आठ लाख 17 हजार रुपये के खाद्यान्न गबन का आरोप साबित हुआ है। आपूर्ति विभाग की जांच में यह खुलासा हुआ। डीएसओ रंजीता टोप्पो ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत के बाद आहार पोर्टल का मिलान किया गया। इसमें पाया गया कि जुलाई 2024 से दिसंबर 2024 तक के बीच लाभुकों को आवंटित खाद्यान्न का सही वितरण नहीं हुआ। आरोप है कि डीलर ने 184.32 क्विंटल चावल और 54.14 क्विंटल गेहूं समेत अन्य सामग्री का गबन किया है।
आपूर्ति विभाग की टीम जब डीलर की दुकान पर जांच करने पहुंची तो वह बिना किसी सूचना के दुकान बंद कर फरार मिला। बाद में विभाग ने उसका लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया। अधिकारियों ने सत्यापन के दौरान पाया कि रिकॉर्ड में दर्ज खाद्यान्न और गोदाम में उपलब्ध स्टॉक में भारी अंतर है।
जांच के बाद संतोष पासवान को नोटिस जारी कर जून 2025 तक शेष खाद्यान्न विभाग को सौंपने का निर्देश दिया गया था। लेकिन समय सीमा बीतने के बाद भी विभाग को एक दाना अनाज नहीं मिला। 22 जुलाई 2025 को फिर से दुकान की जांच की गई तो पहले से दर्ज खाद्यान्न भी गायब पाया गया
विभाग न अब नीलाम पात्रवाद दायर कर गबन की राशि की वसूली करने का निर्णय लिया है। साथ ही आरोपी डीलर के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की भी तैयारी है। ग्रामीणों का कहना है कि पीडीएस की इस लापरवाही से गरीब लाभुकों को महीनों तक सही राशन नहीं मिल पाया।

