Ramgarh news:- रामगढ़ जिले में नए साल की शुरुआत अपराध और दहशत के साथ हुई है। कुज्जू ओपी क्षेत्र के नया मोड़ इलाके में सोमवार देर रात कोयला और बालू व्यवसायी डब्बू सिंह उर्फ सागर सिंह के घर पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की गई। इस घटना के पीछे कुख्यात राहुल दुबे गैंग का नाम सामने आ रहा है, जिसने कथित तौर पर रंगदारी नहीं मिलने पर इस वारदात को अंजाम दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक पर सवार दो अपराधी देर रात डब्बू सिंह के घर पहुंचे और घर में घुसते ही अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। करीब 10 राउंड गोलियां चलाई गईं, जिससे घर की खिड़कियां, मुख्य गेट और बाहर खड़ी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। अचानक हुई इस घटना से पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।
सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर रजत कुमार और कुज्जू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की, जहां से कई खोखे और एक लेवी का पर्चा बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस इस घटना को सीधे तौर पर रंगदारी से जोड़कर देख रही है।
सबसे राहत की बात यह रही कि इतनी भारी गोलीबारी के बावजूद किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के समय डब्बू सिंह अपने घर में रिश्तेदारों के साथ मौजूद थे, लेकिन सभी सुरक्षित हैं।
डब्बू सिंह ने पुलिस को बताया कि हाल ही में रामगढ़ जिले में बालू घाटों का टेंडर हुआ था, जिसमें उन्हें सफलता मिली थी। टेंडर मिलने के बाद से ही उन्हें राहुल दुबे गैंग के नाम से लगातार धमकी भरे फोन आ रहे थे और रंगदारी की मांग की जा रही थी। उन्होंने इसकी जानकारी पहले ही पुलिस को दी थी। व्यस्तता और बाहर रहने के कारण उन्होंने कुछ समय से फोन उठाना बंद कर दिया था, जिससे नाराज होकर गैंग ने यह हमला किया।
मंगलवार सुबह से ही पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुट गई है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

