Ranchi News:- राजधानी रांची के तीन प्रमुख बस टर्मिनलों—आईटीआई बस स्टैंड, सरकारी बस डिपो और बिरसा मुंडा बस टर्मिनल खादगढ़ा—का अब राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप आधुनिकीकरण किया जाएगा। शहरी विकास को गति देने की दिशा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश के बाद विभागीय मंत्री सुदिव्य कुमार ने इसके लिए निविदा जारी करने का आदेश दिया है। परियोजना पर कुल 48.72 करोड़ रुपये खर्च होने हैं, जिसकी स्वीकृति पहले ही दी जा चुकी है।
परियोजना के तहत आईटीआई बस स्टैंड के लिए 24.77 करोड़, सरकारी बस डिपो के लिए 20.19 करोड़ और बिरसा मुंडा बस टर्मिनल खाड़गढ़ा के उन्नयन के लिए 3.76 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
आईटीआई बस स्टैंड बनेगा अत्याधुनिक
तीन एकड़ में बनने वाला आईटीआई बस टर्मिनल पूरी तरह मॉडर्न सुविधाओं से लैस होगा। ग्राउंड फ्लोर में 2330 वर्गमीटर और प्रथम तल पर 880 वर्गमीटर क्षेत्र में टर्मिनल भवन तैयार किया जाएगा। बसों के संचालन के लिए 13 बस वे बनाए जाएंगे, जबकि 35 बसों की स्टैंडबाई पार्किंग भी होगी।
भूतल पर वातानुकूलित प्रतीक्षालय, ड्राइवर कैंटीन, मेंटेनेंस शेड, गार्ड रूम, कैफेटेरिया, ऑफिस, महिलाओं-पुरुषों के शौचालय और ऑटो-ई रिक्शा पार्किंग की सुविधा होगी। पहले तल पर रेस्टोरेंट, डॉरमेट्री, गेस्ट रूम और लैंडस्केपिंग की व्यवस्था रहेगी। यहां प्रतिदिन 416 बसों का संचालन संभव होगा।
सरकारी बस डिपो का होगा पुनर्निर्माण
इंडियन रोड कांग्रेस मानकों के अनुसार 20.19 करोड़ की लागत से पुराने भवन को तोड़कर नया टर्मिनल बनाया जाएगा। नए भवन में लगभग 1700 वर्गमीटर से अधिक क्षेत्र में डॉरमेट्री, गेस्ट रूम, प्रतीक्षालय, फूड कियोस्क, टिकट काउंटर, प्रशासनिक कार्यालय और शेडयुक्त बस वे जैसी सुविधाएं विकसित होंगी। यहां से रोज 512 बसें चलेंगी।
खादगढ़ा बस टर्मिनल का जीर्णोद्धार
पुराने ढांचे को कायम रखते हुए 3.76 करोड़ की लागत से व्यापक मरम्मत और सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। 11.6 एकड़ में फैले इस परिसर में 31 बस वे, 89 बस पार्किंग, 70 कार पार्किंग, 50 बेड की डॉरमेट्री, स्नानागार, गेस्टहाउस, स्मार्ट शेड, हाईमास्ट लाइट और महिला सुरक्षा उपाय जोड़े जाएंगे।
पूरे परिसर में वाटरप्रूफिंग, पेंटिंग, फर्नीचर अपग्रेड, सीसीटीवी, नए टाइल्स और लैंडस्केपिंग का काम भी किया जाएगा।

