Ranchi News:- झारखंड की राजधानी रांची में पुलिस ने रविवार को एक बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 11 युवतियों समेत कुल 13 लोगों को हिरासत में लिया है। मौके से कई मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामान भी जब्त किए गए हैं। पुलिस अब इस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। रांची पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लालपुर थाना क्षेत्र के ओम गर्ल्स हॉस्टल की आड़ में देह व्यापार का धंधा चलाया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद नगर पुलिस उपाधीक्षक (सिटी डीएसपी) केवी रमण के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई, जिसमें महिला पुलिसकर्मियों को भी शामिल किया गया। टीम ने छापेमारी कर हॉस्टल से 11 युवतियों और दो लोगों को हिरासत में लिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी युवतियां मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं। उन्हें हॉस्टल में रखकर अलग-अलग स्थानों पर ग्राहकों के पास भेजा जाता था। एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि यह गिरोह संगठित रूप से काम कर रहा था और इसका संचालन एक महिला द्वारा किया जा रहा था।
उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में पुलिस ने होटलों में चल रहे ऐसे रैकेट पर कार्रवाई की थी। इसके बाद संचालकों ने अपना ठिकाना बदलकर गर्ल्स हॉस्टल को सुरक्षित ठिकाना बना लिया। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हॉस्टल संचालक की इस रैकेट में कितनी भूमिका है। अगर उसकी संलिप्तता सामने आती है तो उस पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी में शामिल पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के बाद कई और चौंकाने वाले खुलासे संभव हैं। रैकेट का सरगना अभी फरार है, लेकिन पुलिस जल्द ही उसकी गिरफ्तारी की उम्मीद जता रही है। यह कार्रवाई राजधानी में सक्रिय देह व्यापार गिरोहों के खिलाफ पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है।

