Ranchi News : झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान प्रमुख विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में भाजपा विधायक विधानसभा परिसर में एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान विधायकों ने खासतौर पर छात्रों की लंबित छात्रवृत्ति के मुद्दे को उठाते हुए राज्य सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया। भाजपा नेताओं का कहना था कि लंबे समय से छात्र अपनी छात्रवृत्ति का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सरकार इस गंभीर मुद्दे पर चुप्पी साधे बैठी है।
सरकार हर मोर्चे पर विफल: नवीन जायसवाल
मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। कल्याण विभाग के द्वारा छात्रों को लंबे समय से छात्रवृत्ति नहीं दी जा रही है, जिससे हजारों छात्र परेशान हैं। इसके अलावा उन्होंने मंईयां सम्मान योजना को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि पहले बड़ी संख्या में महिलाओं को योजना का लाभ देने का लालच दिया गया, लेकिन बाद में कई महिलाओं के नाम सूची से हटा दिए गए। इससे महिलाओं के साथ धोखा हुआ है।
छात्रों की छात्रवृत्ति पर सरकार से जवाब मांगा
भाजपा विधायक पूर्णिमा दास ने भी छात्रवृत्ति के मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि एससी और एसटी छात्रों को मिलने वाली छात्रवृत्ति की पूरी राशि राज्य सरकार को ही देनी होती है, इसमें केंद्र का कोई हिस्सा नहीं होता। ऐसे में राज्य सरकार केंद्र पर दोष मढ़कर छात्रों को गुमराह कर रही है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि आखिर समय पर परीक्षाएं क्यों नहीं आयोजित की जा रही हैं और छात्रों की समस्याओं का समाधान क्यों नहीं किया जा रहा है।
पेट्रोल-डीजल और पुलिस गाड़ियों को लेकर भी आरोप
पूर्णिमा दास ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पेट्रोल-डीजल और एलपीजी सिलेंडर की कीमतों को लेकर जनता को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण कई देशों में ईंधन की कीमतें बढ़ी हैं, लेकिन भारत ने स्थिति को संभालकर रखा है। वहीं राज्य सरकार द्वारा खरीदी गई पुलिस पेट्रोलिंग गाड़ियों को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए। उनका आरोप था कि इन गाड़ियों का इस्तेमाल सुरक्षा व्यवस्था के बजाय सिर्फ सरकार के प्रचार-प्रसार के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने महिलाओं, छात्रों, युवाओं और किसानों के साथ सिर्फ धोखा किया है।
