Ranchi News : राजधानी रांची में बड़े पैमाने पर देह व्यापार चलाए जाने की सूचना पर रांची पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। लालपुर, चुटिया समेत कई थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी कर देह व्यापार में संलिप्त लड़कियों और ग्राहकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक 6 से अधिक लड़कियों और कुछ ग्राहकों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस सभी से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
एसएसपी की सूचना पर गठित हुई विशेष टीम
रांची के एसएसपी राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि राजधानी के अलग-अलग इलाकों में संगठित तरीके से देह व्यापार का रैकेट संचालित किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने योजना बनाकर एक साथ कई जगहों पर दबिश दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार रैकेट में दो दर्जन से ज्यादा लड़कियां शामिल थीं, जिन्हें होटलों और किराए के मकानों में ठहराकर गुप्त रूप से धंधा कराया जा रहा था।
Read More : शराब घोटाले में Arvind Kejriwal-Manish Sisodia बरी: कोर्ट ने जांच पर उठाए सवाल, सियासत गरमाई
महिला सरगना गिरफ्तार, पहले भी जा चुकी है जेल
कार्रवाई के दौरान रैकेट की कथित सरगना एक महिला को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक यह महिला पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों से लड़कियों को बुलाकर रांची में देह व्यापार कराती थी। उसका पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है और वह पूर्व में जेल भी जा चुकी है। सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शहर में इस तरह के अवैध धंधों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।