Ranchi News:- राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र स्थित चौपाटी रेस्टोरेंट के मालिक विजय नाग हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन अपराधियों — प्रशांत कुमार सिंह, अभिषेक सिंह और हरेन्द्र सिंह — को गिरफ्तार किया है।
ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि 18 अक्टूबर की रात विजय नाग को उनके रेस्टोरेंट में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच में खुलासा हुआ कि तीनों अपराधियों ने वेज बिरयानी का ऑर्डर दिया था, जिसमें चिकन की हड्डी मिलने पर विवाद हुआ और इसी बात को लेकर उन्होंने रेस्टोरेंट मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह अपनी पत्नी से मिलने रांची आ रहा है। डीएसपी अमर कुमार पांडेय के नेतृत्व में की गई चेकिंग के दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में वह दोनों पैरों में गोली लगने से घायल हो गया और उसे रिम्स में भर्ती कराया गया।
पूछताछ में अभिषेक ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त हथियार हरेन्द्र सिंह ने उपलब्ध कराए थे। इसके बाद हरेन्द्र को पतरातू घाटी से गिरफ्तार किया गया
गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन पिस्टल, एक रायफल, 33 जिंदा कारतूस, छह खोखा, दो मोबाइल फोन, ₹2.04 लाख नकद, एक इनोवा और एक मारुति सुजुकी कार बरामद की गई।
पुलिस ने बताया कि अमित ठाकुर नाम का एक आरोपी अब भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

