Rohtas News:- कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को बिहार के रोहतास जिले के डेहरी आन सोन स्थित सुआरा हवाई अड्डा से ‘वोट अधिकार यात्रा’ की शुरुआत की। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह केवल चुनाव की लड़ाई नहीं, बल्कि संविधान और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है।
राहुल गांधी ने कहा, “पूरे देश में भाजपा संविधान को मिटाने पर तुली है। हर चुनाव में वोट चोरी होती है। लोकसभा चुनाव के बाद एक करोड़ फर्जी वोट जुड़े। यह लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ है।” उन्होंने कहा कि गरीब और कमजोर वर्ग के पास सिर्फ वोट का अधिकार है, जिसे छीना नहीं जा सकता।
कार्यक्रम में बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा, “यह वोट की साधारण चोरी नहीं, बल्कि सीधी डकैती है। बिहारियों को चूना लगाने की कोशिश हो रही है, लेकिन यहां का बच्चा-बच्चा अन्याय के खिलाफ खड़ा होता है।”
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि यह यात्रा बिहार के 25 जिलों से गुजरेगी और 1 सितम्बर को पटना में विशाल रैली के साथ समाप्त होगी। उन्होंने कहा कि बिहार लोकतंत्र की जन्मभूमि है और संविधान बचाने में सभी को आगे आना चाहिए।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने कहा, “चोरों को हटाइये, भाजपा को भगाइये। किसी भी कीमत पर भाजपा को सत्ता में नहीं आने देना है।”
सभा को सीपीआई-एमएल के दीपांकर भट्टाचार्य, कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल, कन्हैया कुमार, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी समेत महागठबंधन के तमाम बड़े नेताओं ने संबोधित किया।
सभा के बाद खरगे और लालू प्रसाद ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया।

