Jamshedpur News:- झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने हेमंत सोरेन की सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार पूरी तरह से कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार में डूबी हुई है।
रघुवर दास ने कहा कि शराब, कोयला, बालू और पत्थर खनन जैसे विभिन्न सिंडीकेट सरकार के संरक्षण में फल-फूल रहे हैं। सरकार खुद भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है, जिससे आम जनता का नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक जिम्मेदार विपक्ष के रूप में जनता की आवाज को मजबूती से उठा रही है।
उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद करें और जरूरत पड़ने पर सड़क पर उतरें। दास ने विश्वास जताया कि घाटशिला की जनता सब कुछ देख रही है और आने वाले विधानसभा चुनाव में इसका करारा जवाब देगी।
इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी दरों में कटौती के फैसले का स्वागत किया। दास ने कहा कि इस फैसले से आम लोगों और व्यापारियों दोनों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे महंगाई पर अंकुश लगेगा, बाजार में मांग बढ़ेगी और उत्पादन व रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

