मुंगेर।
मूर्ति विसर्जन के दौरान हुए गोलीकांड को लेकर गुरुवार को दोबारा से भड़की हिंसा के बाद चुनाव आयोग के निर्देश पर मुंगेर के डीसी व एसपी को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। इनके जगह पर रचना पाटिल को मुंगेर का नया जिलाधिकारी व मानव जीत ढिल्ला को पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। जानकारी अनुसार इन अफसरों की तैनाती को लेकर सरकार की ओर से अधिसूचना जारी नहीं की गई है। हालांकि ये दोनों अधिकारी गुरुवार की शाम पटना एयरपोर्ट से मुंगेर के लिए रवाना हो गए। दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से पदभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुंगेर में भड़की हिंसा को लेकर डीआईजी मनु महाराज ने भी उपद्रव प्रभावित इलाकों में कमान संभाल ली है। वह भारी पुलिस बल के साथ इलाके में कैंप कर रहे हैं। डीआईजी मनु महाराज ने कहा है कि वह पहले भी लोगों से शांति की अपील कर चुके हैं। उन्होंने कहा है कि उपद्रवी तत्व बीच में नहीं आए और ना ही किसी सरकारी प्रतिष्ठान को क्षति पहुंचाए। जांच के बाद जो भी कार्रवाई होगी उसे किया जाएगा। उन्होंने उपद्रवियों द्वारा तीन चार थानों को क्षतिग्रस्त किए जाने की जानकारी दी है।
