Varanasi News:- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी से देश के करोड़ों किसानों को बड़ी सौगात दी। सेवापुरी ब्लॉक के बनौली गांव में आयोजित विशाल जनसभा में प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 20वीं किस्त जारी करते हुए 9.70 करोड़ किसानों के खातों में ₹20,500 करोड़ की राशि सीधे ऑनलाइन ट्रांसफर की।
इस योजना से उत्तर प्रदेश के 2.30 करोड़ किसानों को ₹4600 करोड़ का लाभ मिला। वहीं प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के 2.21 लाख किसानों के खातों में ₹48 करोड़ की राशि पहुंचाई गई। वाराणसी के किसानों को अब तक 850 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता विभिन्न किस्तों में मिल चुकी है।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले से ही स्थल पर मौजूद थे। उन्होंने प्रधानमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। मोदी के मंच पर आते ही जनसमूह ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
संयुक्त कृषि निदेशक शैलेंद्र कुमार ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अंतर्गत सभी पात्र भूमि धारक किसान परिवारों को सालाना ₹6000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाती है, जो कि ₹2000 की तीन समान किस्तों में सीधे उनके खातों में ट्रांसफर की जाती है।

