Ramgarh News:- झारखंड के निर्माता दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए रामगढ़ जिले का नेमरा गांव पूरी तरह तैयार हो चुका है। पिछले 10 दिनों से यहां वीवीआईपी नेताओं, कॉर्पोरेट जगत और धार्मिक संगठनों के लोगों की लगातार आवाजाही बनी हुई है। राहुल गांधी, अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव जैसे बड़े नेता अब तक सड़क मार्ग से नेमरा पहुंचे हैं, लेकिन अब सीधे हेलीकॉप्टर से पहुंचने की सुविधा भी उपलब्ध हो जाएगी। बुधवार को गांव में चार हेलीपैड का निर्माण पूरा कर लिया गया है।
14 किलोमीटर में स्ट्रीट लाइट, पक्की सड़क और डिवाइडर
शिबू सोरेन के ब्रह्म भोज को लेकर नेमरा में सुरक्षा और सुविधाओं का स्तर पूरी तरह बदल गया है। पहले जहां यह सुदूरवर्ती गांव बेहतर सड़क से वंचित था, अब यहां फोरलेन सड़क बन चुकी है। रामगढ़-गोला डीवीसी चौक से कोचलाटांड़, घसियागढ़ा और सिल्ली मोड़ तक सड़क मरम्मत की गई है। सुथरपुर मोड़ से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक आवास तक पक्की सड़क बनाई गई है। सिल्ली मोड़ से नेमरा तक 14 किलोमीटर में स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं, जबकि लुकैयाटांड़ से सुथरपुर मोड़ तक सड़क में डिवाइडर भी बनाया गया है।
पार्किंग और आवागमन की खास व्यवस्था
लुकैयाटांड़ में बड़ी पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जहां से लोगों को 150 ऑटो और 100 ई-रिक्शा के जरिए नेमरा पहुंचाया जाएगा। यह सुविधा आम नागरिकों और मेहमानों दोनों के लिए होगी।
पंडाल और आतिथ्य का विशेष प्रबंध
मुख्यमंत्री के पैतृक घर के पास बीएसएनएल टावर के समीप विशाल पंडाल बनाया गया है, जिसमें कुर्सियां, टेबल और सोफा लगाए गए हैं। आंगनबाड़ी केंद्र के पास बने पंडाल में प्रशासनिक अधिकारियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था है। आवास के पास तीन पंडाल बनाए गए हैं—एक वीआईपी के लिए, एक आम नागरिकों के लिए और एक प्रशासनिक कार्यों के लिए। सभी जगह रोशनी, सफाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

