हजारीबाग।
पुलिस ने प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन के मगध जोन का सबसे महत्वपूर्ण 25 लाख के इनामी वरीय कमांडर प्रद्युमन शर्मा को गिरफ्तार किया है। वह इन दिनों जिला के चौपारण थाना क्षेत्र में अपने दस्ते के साथ भ्रमणशील था।संगठन के स्पेशल एरिया कमेटी के सक्रिय सदस्य प्रद्युमन शर्मा पर झारखंड सरकार ने 25 लाख और बिहार सरकार ने 50 हजार का इनाम घोषित कर रखा था। इनके ऊपर बिहार और झारखंड में 90 मामले दर्ज हैं।
एसपी मनोज रतन चौथे ने बताया कि चौपारण थाना क्षेत्र में प्रद्युमन शर्मा के गतिशील होने की जानकारी मिलने पर सर्च अभियान के दौरान सशस्त्र बल के जवान कोठी गांव डूमर पहाड़ के नीचे उतर रहे थे। इस दौरान बेबराटांडा की ओर से आते दो व्यक्ति को देखा। सशस्त्र बलों को देख दोनों व्यक्ति भागने की कोशिश की। इस पर सशस्त्र बलों की टीम ने खदेड़ कर एक व्यक्ति को दबोच लिया। पूछताछ के क्रम में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम प्रद्युमन शर्मा उर्फ कुंदन उर्फ साकेत बताया। एसपी ने बताया कि प्रद्युमन शर्मा ईस्टर्न रीजनल ब्यूरो के शीर्ष नेतृत्व से हमेशा संपर्क में रहता था। वर्ष 1996 से माओवादी के सक्रिय सदस्य के रूप में कार्य करता आ रहा था। वह बिहार के जहानाबाद जिले का रहनेवाला है।
प्रद्युमन शर्मा की गिरफ्तारी पूरे मगध जोन सहित बिहार और झारखंड राज्य की पुलिस की बड़ी और महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है। इसकी गिरफ्तारी से नक्सलियों का मनोबल गिरने के साथ-साथ संगठन का आर्थिक तंत्र कमजोर होने की संभावना है। प्रदुमन शर्मा की गिरफ्तारी के लिए एएसपी अभियान निगम प्रसाद के नेतृत्व में गठित टीम में सीआरपीएफ के सहायक समादेष्टा अजीत कुमार, दुर्गेश कुमार ,अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार व सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
