Jamshedpur News:- पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा रेलवे मार्केट स्थित डाकघर में एक बड़े वित्तीय घोटाले का खुलासा हुआ है। यहां कार्यरत तत्कालीन उप डाकपाल विकास चंद्र कुलिया (46 वर्ष) को पुलिस ने लगभग 50 लाख रुपये की फर्जी निकासी के मामले में बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया है कि आरोपित ने डाकघर की विभिन्न बचत योजनाओं जैसे आरडी, एमआईएस और एसबी खातों से खाताधारकों की राशि में हेराफेरी की और उस पैसे को ऑनलाइन जुए में गंवा दिया। मामला 1 फरवरी 2023 से 19 जून 2025 के बीच का है। इस अवधि में कुल ₹50,56,473 की रकम की फर्जी निकासी की गई थी।
इस संबंध में डाक निरीक्षक सुमन कुमार सांमता ने गुवा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर कांड संख्या 34/2025 दर्ज की गई। जांच के क्रम में पुलिस ने पाया कि विकास कुलिया ने यह राशि डेल्टा एक्सचेंज और धूम 999 कैसिनो जैसे ऑनलाइन जुए के प्लेटफॉर्म पर गंवा दी थी। साथ ही वह स्थानीय जुआ स्थलों — मुर्गा पाड़ा और हब्बा डब्बा में भी भारी रकम हार चुका था।
पुलिस जांच में आरोपित के एसबीआई बैंक खाते और डाकघर खाते से भारी-भरकम ट्रांजैक्शन के प्रमाण मिले। पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय केरकेट्टा (किरीबुरू) के नेतृत्व में टीम ने टुंगरी स्थित आवास पर छापा मारकर आरोपी को उसकी पत्नी और दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपित के पास से ओपो कंपनी का एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है, जिससे जुए से संबंधित लेनदेन के साक्ष्य मिले हैं। पूछताछ में विकास कुलिया ने अपराध स्वीकार कर लिया। बताया जाता है कि वह एक सुसंस्कृत परिवार से ताल्लुक रखता था, लेकिन गुवा क्षेत्र के गलत संगत और जुए की लत ने उसे अपराध के रास्ते पर धकेल दिया।

