Khunti News:- खूंटी जिले में नशे के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने एक ट्रक से लगभग 1100 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा जब्त किया है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.65 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई गुरुवार की देर रात खूंटी थाना क्षेत्र के सिलादोन इलाके में की गई। शुक्रवार शाम पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने इस मामले की जानकारी एक प्रेस कांफ्रेंस में दी। उन्होंने बताया कि डोडा को एक एलपी ट्रक के जरिए रसायनयुक्त बोरियों के बीच छिपाकर दूसरे राज्य में भेजा जा रहा था।
एसपी ने बताया कि उन्हें बुधवार रात सूचना मिली थी कि अफीम डोडा की एक बड़ी खेप ट्रक में लादकर तस्करी के लिए ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही खूंटी सदर थाना प्रभारी मोहन कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई और रात में ही सिलादोन इलाके में घेराबंदी की गई।
जैसे ही संदिग्ध ट्रक मौके पर पहुंचा, पुलिस को देख चालक और तस्कर मौके से फरार हो गए। ट्रक की तलाशी लेने पर पुलिस को केमिकल पाउडर की बोरियों के बीच छिपाकर रखा गया अफीम डोडा बरामद हुआ। इसके बाद ट्रक को जब्त कर थाने लाया गया और शुक्रवार को मापी के बाद जब्ती की कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
एसपी मनीष टोप्पो ने बताया कि तस्करों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क को बेनकाब करने की दिशा में पुलिस काम कर रही है।

