Patna News:- समस्तीपुर जिले के सरायरंजन में जहरीली शराब से हुई मौत की घटना ने एक बार फिर बिहार में शराबबंदी और अवैध शराब कारोबार को लेकर सियासी माहौल गरमा दिया है। इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
गुरुवार को एक कार्यक्रम में शामिल होने समस्तीपुर पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जहरीली शराब से हुई मौत बेहद दुखद और गंभीर घटना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों के सामने आते ही प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ कार्रवाई कर रहा है और अवैध शराब की बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि शराबबंदी के बावजूद कुछ असामाजिक तत्व अवैध तरीके से शराब की बिक्री कर लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ सरकार और प्रशासन की नीति जीरो टॉलरेंस की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच के बाद जो भी इस घटना में दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि समस्तीपुर जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र में बीती रात जहरीली शराब के सेवन से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसके 35 वर्षीय पुत्र की दोनों आंखों की रोशनी चली गई। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि जहरीली शराब कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-सा नेटवर्क काम कर रहा है। वहीं, इस घटना के बाद विपक्षी दलों ने भी सरकार पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं, जिससे प्रदेश की राजनीति और गरमा गई है।
प्रशासनिक स्तर पर अधिकारियों का कहना है कि दोषियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

