Ramgarh News:- भुरकुंडा में हिंदू नेता राजेश सिन्हा की गिरफ्तारी के विरोध में भाजपा ने कड़ा रुख अपनाया है। रविवार को सांसद मनीष जायसवाल रामगढ़ पहुंचे और राज्य सरकार पर राष्ट्र विरोधी ताकतों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक आदिवासी महिला के साथ अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना राजेश सिन्हा को भारी पड़ गया।
सांसद ने आरोप लगाया कि राजेश सिन्हा ने एक अपराधी आफताब अंसारी को पकड़कर पुलिस को सौंपा था, जो महिला का यौन शोषण कर रहा था और उसे ब्लैकमेल कर रहा था। लेकिन पुलिस की लापरवाही के कारण आफताब थाने से भाग निकला और बाद में एक हादसे का शिकार हो गया। इसके बाद, सत्ता पक्ष के दबाव में राजेश सिन्हा को ही साजिश के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
मनीष जायसवाल ने कहा कि अगर अपराधियों को पकड़वाना गुनाह है, तो हम रोज ऐसा अपराध करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा ऐसी कुत्सित राजनीति और प्रशासनिक लापरवाही का विरोध करती रहेगी।
इस मौके पर बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, रणंजय कुमार, राजीव जायसवाल, रंजीत पांडे, धनंजय कुमार पुटुस समेत कई भाजपा नेता मौजूद थे। भाजपा नेताओं ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर राजेश सिन्हा को न्याय देने की मांग की।
सांसद ने रामगढ़ पुलिस पर मामला सांप्रदायिक रंग देने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पीड़िता ने जिन दो लोगों पर यौन शोषण का आरोप लगाया, उनमें से एक आरोपी आफताब की मौत हो गई, जबकि दूसरा आरोपी शमीम अंसारी अब तक गिरफ्त से बाहर है, जबकि उस पर पहले भी कई गंभीर आरोप लग चुके हैं।
भाजपा नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की है।

