Ranchi News:- झारखंड की राजनीति में शुक्रवार को नया विवाद उस समय खड़ा हो गया जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर आदिवासी समाज की भावनाओं की उपेक्षा का आरोप लगाया।

दरअसल, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को राजधानी रांची में सिरमटोली फ्लाईओवर का गुपचुप तरीके से उद्घाटन कर दिया। इसे लेकर बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर नाराजगी जताई। उन्होंने लिखा कि पर्यावरण दिवस जैसे महत्वपूर्ण दिन पर फ्लाईओवर का लोकार्पण किया गया, लेकिन आदिवासी समाज, जो प्रकृति और पर्यावरण का उपासक है, उसे पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया।
मरांडी ने यह भी कहा कि यह फ्लाईओवर रांची के ट्रैफिक को जरूर राहत देगा, लेकिन इसके निर्माण की शुरुआत से ही पास स्थित पवित्र सरना स्थल के अस्तित्व पर संकट मंडराता रहा है। बिना किसी वैकल्पिक समाधान के फ्लाईओवर का उद्घाटन कर देना आदिवासी आस्था के साथ सीधा धोखा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार आदिवासी समाज की परंपराओं और धार्मिक स्थलों को लेकर संवेदनशील नहीं है। “विकास जरूरी है, लेकिन विकास की आड़ में आदिवासी अस्मिता, आस्था और संस्कृति का बलिदान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा,” उन्होंने लिखा।
राजनीतिक हलकों में इसे आने वाले चुनावों से पहले आदिवासी वोट बैंक को लेकर बड़ा संकेत माना जा रहा है। अब देखना यह होगा कि राज्य सरकार इस प्रतिक्रिया पर क्या रुख अपनाती है।
इस खबर को भी पढ़ें : अलकतरा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट और गैस रिसाव, कई लोग बीमार, सड़क पर हंगामा
इस खबर को भी पढ़ें : वाटर पार्क के वेव पुल में डूबने से छह साल की बच्ची की मौत, वाटर पार्क बना मातम का मंजर