Jamshedpur News:- जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र में 29 और 30 नवंबर की मध्यरात्रि को हुई बड़ी चोरी की वारदात का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। पोखारी निवासी महेश गौड़ के घर से चोरों ने लगभग 15–16 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण समेत कई कीमती सामानों पर हाथ साफ कर दिया था। उस समय पूरा परिवार एक शादी समारोह में शामिल होने गया हुआ था, और घर पर ताला लगा हुआ था। इसी मौके का फायदा उठाकर अपराधियों ने ताला तोड़कर चोरी को अंजाम दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही जमशेदपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानविय दोनों प्रकार की जांच को आगे बढ़ाते हुए कई जगहों पर छापेमारी शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को कुछ संदिग्ध गतिविधियों के सुराग मिले, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में सुंदर कुजूर, रोहित गोप, मनीष राय और विक्की सिंह शामिल हैं। पुलिस ने इनसे चोरी किए गए अधिकांश जेवरात के साथ अन्य सामान भी बरामद कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार अपराधियों में से सुंदर कुजूर, मनीष राय और विक्की सिंह पहले से भी आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहे हैं, और इनका आपराधिक इतिहास पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज है।
पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बताया कि टीम ने तेजी से काम करते हुए कम समय में इस बड़ी चोरी का खुलासा कर लिया। उन्होंने कहा कि गिरोह के अन्य संभावित सहयोगियों की भी पहचान की जा रही है, और आवश्यकता पड़ने पर अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी की जाएगी।
इस सफलता के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की सराहना की है। वहीं, पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है कि चोरी का खुलासा हो गया और उनके कीमती जेवरात बरामद कर लिए गए। घटना के बाद एमजीएम थाना क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर पुलिस ने गश्त और निगरानी बढ़ा दी है ताकि ऐसी वारदातों पर लगाम लगाई जा सके।

