Hazaribag News:- झारखंड के हजारीबाग जिले में हुई 1.5 करोड़ रुपये की बड़ी चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। केरेडारी थाना पुलिस और एसआईटी टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर पांच मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से सोना-चांदी के कीमती आभूषण, एक मोटरसाइकिल तथा सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने प्रेस वार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि चोरी की घटना कुलदीप सोनी के घर में घुसकर ताले तोड़कर अंजाम दी गई थी। इस मामले में गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रोहन कुमार, अंकित कुमार, सुमित गुप्ता, सन्नू कुमार और मुकेश कुमार के रूप में हुई है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने राजेश सोनी और राहुल कुमार को भी हिरासत में लिया है। पुलिस ने कुल 264.5 ग्राम सोना और 444 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
मुख्य आरोपित मुकेश कुमार पहले भी लातेहार जिले में बाइक चोरी के मामले में जेल जा चुका है। वहीं सुमित गुप्ता पर बड़कागांव, कटकमदाग व हजारीबाग सदर थाना में चोरी के कई मामले दर्ज हैं। राजेश सोनी पूर्व में फर्जी सोना देकर बैंक से लोन निकालने के मामले में आरोपित रह चुका है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ अमित आनंद के नेतृत्व में बनी टीम ने कोदवे क्षेत्र में छापेमारी की और सभी आरोपितों को गिरफ्तार किया। इस टीम में बड़कागांव, केरेडारी, लोहसिंघना और एटीपीओ थाना की पुलिस शामिल थी।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ जारी है और चोरी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है। इस सफल कार्रवाई से इलाके में सुरक्षा को लेकर लोगों का भरोसा फिर से मजबूत हुआ है।

