Jamshedpur News:- पूर्वी सिंहभूम जिले के एमजीएम थाना क्षेत्र में आठ अगस्त की रात हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों की पहचान भुइयांडीह, सिदगोड़ा निवासी चंदन साव उर्फ चंदा (28) और भुइयांडीह कान्हू भट्टा निवासी सोनू भुंड्या (19) के रूप में हुई है।
गुरुवार को एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास ने बताया कि पीड़ित आशुतोष कुमार ने चोरी की शिकायत 13 अगस्त को दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को चोरी के सामान के साथ धर दबोचा। बरामद सामान में दो मोबाइल फोन, चांदी की पायल, चांदी का सिक्का और सोने का लॉकेट शामिल हैं।
जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी चंदन साव ने मुखियाडांगा में किराये पर कमरा लेकर वहां निर्माण सामग्री रखी थी। इसी दौरान उसने पीड़ित के घर की रेकी की और चोरी की योजना बनाई। बाद में उसने सोनू भुंड्या, अभिषेक शर्मा उर्फ रवि शंकर और वीरेंद्र मिश्रा के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार चंदन साव का जमशेदपुर और सरायकेला के कई थानों में आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी कई बार जेल जा चुका है। चोरी की इस वारदात में शामिल अन्य दो फरार आरोपितों की तलाश जारी है।
फिलहाल, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा। इस कार्रवाई को पुलिस ने त्वरित और सटीक खुफिया जानकारी का नतीजा बताया है।

