Jamshedpur News:- बिरसानगर थाना क्षेत्र में 10 नवंबर को विश्वकर्मा इंजीनियरिंग कंपनी में हुई लाखों की लूट की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों — अजीत बेहरा और बाबू सरदार उर्फ नेपु — को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उनके पास से 1.23 लाख रुपये नकद, एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, एक स्कूटी, हेलमेट और लूट की रकम से खरीदा गया एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि इस लूटकांड का मास्टरमाइंड अजीत बेहरा ही था, जो उसी कंपनी में कर्मचारी के रूप में काम करता था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अजीत का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसने अपने चार साथियों के साथ मिलकर इस लूट की योजना बनाई थी। घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उसके एक साथी को भी गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
सिटी एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में 10.25 लाख रुपये की लूट की बात सामने आई थी, लेकिन पूछताछ के दौरान आरोपी इतने बड़े रकम से इनकार कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि शुरुआती साक्ष्यों के आधार पर करीब साढ़े चार लाख रुपये की लूट की पुष्टि हुई है। इनमें से 1.23 लाख रुपये की रकम बरामद कर ली गई है।
पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और शेष लूट की रकम की बरामदगी पर काम कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकरण में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उनको भी पकड़ लिया जाएगा।
पुलिस का दावा है कि तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की सूचना के आधार पर मामले को सुलझाने में सफलता मिली है। इस खुलासे से बिरसानगर क्षेत्र में हाल के दिनों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर फैली चिंता भी कुछ हद तक कम हुई है।

