Chaibasa News:- पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जोगीदारु जंगल के समीप खेत से बरामद अज्ञात युवती के शव मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए इस जघन्य अपराध में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में रविवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर चाईबासा बहामन टुटी की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार भ
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि 30 दिसंबर को जोगीदारु जंगल के पास स्थित एक खेत से करीब 25 वर्षीय अज्ञात युवती का शव बरामद किया गया था। शव पुआल से ढका हुआ था, जिससे प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट हो गया था कि हत्या को छिपाने का प्रयास किया गया है। इस मामले में खेत मालिक जय किशन होनहागा के लिखित आवेदन के आधार पर मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 210/2025 के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
शव की पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा सीआईजी प्रकाशन तथा स्थानीय दैनिक समाचार पत्रों में सूचना प्रकाशित कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पश्चिमी सिंहभूम के निर्देश पर एक विशेष छापामारी एवं अनुसंधान टीम का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने इस हत्याकांड की कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई।
पुलिस ने 4 जनवरी 2026 को इस कांड में संलिप्त अभियुक्त प्रधान पुरती उर्फ पल्टु को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन बरामद किया। इसके अलावा घटनास्थल के पास से मृतका की लाल रंग की स्कूटी भी जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन, हत्या में प्रयुक्त पत्थर तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी कब्जे में ले लिए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस पूरे मामले के उद्भेदन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी के नेतृत्व में मुफ्फसिल थाना पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही है। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई और मामले के अन्य पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

