Nalanda News:- बिहारशरीफ के बिंद थाना क्षेत्र अंतर्गत मसियाडीह गांव में सोमवार को उत्पाद विभाग की रेडिंग टीम पर शराब कारोबारियों ने गोलीबारी करते हुए जानलेवा हमला कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर गांव में अवैध शराब के धंधे के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची टीम अचानक हुए हमले से कुछ समय के लिए संभल नहीं पाई। हालांकि, मोर्चा संभालते हुए टीम ने जवाबी फायरिंग कर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया।
जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग की 10 सदस्यीय टीम अवैध चुलाई शराब पकड़ने के लिए गांव पहुंची थी। छापेमारी के दौरान टीम ने करीब 20 लीटर चुलाई शराब जब्त किया, कई भट्ठियों को नष्ट किया और सैकड़ों लीटर छोवा को नालियों में बहा दिया। इसी दौरान शराब धंधेबाज आक्रोशित होकर टीम पर टूट पड़े और करीब 6 चक्र फायरिंग कर दी। अचानक हुए हमले से रेडिंग टीम में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन तुरंत संयम दिखाते हुए टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी गोलियां चलाईं, जिसके बाद हमलावर भाग खड़े हुए।
घटना की सूचना मिलते ही बिंद थाना पुलिस, खनन विभाग और विद्युत विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। खनन विभाग ने गांव से अवैध रूप से बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया, जबकि विद्युत विभाग ने बिजली चोरी पकड़कर संबंधित लोगों पर जुर्माना भी लगाया।
उत्पाद थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार ने बताया कि छापेमारी पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान हमला करने वालों की पहचान अजीत यादव, संजय यादव, बलराम यादव, सोना देवी और सुरुचि कुमारी के रूप में की गई है। सभी के खिलाफ फायरिंग, सरकारी कार्य में बाधा और अवैध शराब कारोबार से जुड़े मामलों में केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस की गतिविधि बढ़ा दी गई है और अवैध शराब कारोबार पर जल्द सख्त कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

